
हाथरस- 7 फरवरी। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मथुरा-बरेली हाईवे पर गांव नगला तजना के पास आज दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक स्कॉर्पियो और वैगनआर कार की आमने-सामने की टक्कर में दोनों वाहनों में सवार करीब 12 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें अलीगढ़ रैफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों एवं क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ लग गई ।वहीं सूचना पर थाना पुलिस दलबल सहित पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल उपचार हेतु भिजवाया है।
बताया जाता है थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के नगला तजना के पास आज दोपहर करीब 3 बजे एक स्कॉर्पियो कार में सवार आठ लोग हसायन क्षेत्र के गांव कानऊ से मुरसान में एक गमी में शामिल होने जा रहे थे, तभी सामने से आ रही वैगनआर कार से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों कारों में सवार लोगों में भारी चीख पुकार मच गई और चीख पुकार सुनकर राहगीर एवं आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े। घटना की सूचना पाकर मौके पर थाना पुलिस भी पहुंच गई और पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवाया है। घायलों में थाना हसायन क्षेत्र के कानऊ निवासी लवकुश पुत्र श्यामसुंदर, रूबी पत्नी राजबहादुर, विद्या पत्नी रामबाबू, सुभाषचंद्र पुत्र चंद्रपाल, मुनेश पुत्र चित्रपाल, बृजेश देवी पत्नी सुभाष शामिल हैं। इनके अलावा नया नगला निवासी पूनम, कोतवाली सदर के नवीपुर निवासी साहब सिंह, मथुरा के कृष्णानगर कॉलोनी निवासी आयुष और सोनू, कासगंज निवासी हिमांशु और सरवन सहित कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल रूपी, विद्या देवी, पूनम और साहब सिंह को अलीगढ़ रेफर किया गया है।









