सासनी- विजयगढ़ रोड स्थित यूनियन पब्लिक स्कूल में सरकारी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक शिक्षा प्रणाली और संसाधनों को करीब से देखा, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
शनिवार को भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय की अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास देखी। उन्होंने समझा कि डिजिटल तकनीक का उपयोग करके पढ़ाई को कैसे अधिक रोचक और प्रभावी बनाया जा सकता है। इसके बाद छात्रों ने विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी जिज्ञासा शांत करने के लिए प्रयोगशालाओं का दौरा किया। उन्होंने जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान की लैब में वैज्ञानिक उपकरणों को देखा और उनके कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। डिजिटल साक्षरता के महत्व को समझते हुए बच्चों ने कंप्यूटर संचालन और नई तकनीकों की बारीकियों को भी समझा। पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक विकास के लिए स्कूल के विशाल खेल प्रांगण का भी अवलोकन किया गया।









