
सिकन्द्राराऊ- 6 फरवरी। कस्बा हसायन क्षेत्र के मौहल्ला किला खेड़ा निवासी एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके खाते से डाकघर के कर्मचारी ने पीओएस मशीन से अंगूठा लगवा कर 10,000 रूपए पार दिए। पीड़िता ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है।
मौहल्ला किला खेड़ा निवासी नवा देवी पत्नी सत्यवीर दिवाकर ने दी तहरीर में आरोप लगाते हुए कहा है कि उनका खाता उप डाकघर में है । गत 29 जनवरी को सुबह 11 बजे करीब पीड़िता डाकघर में रूपए निकालने को गई थी। वहां एक डाककर्मी ने पीओएस मशीन पर उनका फिंगरप्रिंट लिया और यह कहकर वापस भेज दिया कि अभी खाते से पैसे नहीं निकल रहे हैं। थोड़ी देर बाद आने को कहा। कुछ देर बाद पीडिता दोबारा उपडाकघर पहुंची। जहां डाककर्मी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि उनके खाते से कोई पैसा नहीं निकला है। पीड़िता का आरोप है कि डाक कर्मी ने पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवाकर 10 हजार रूपए निकाल लिए और उन्हें भुगतान नहीं किया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है ।









