गांव जसराना में ननिहाल आई एक तीन वर्षीय मासूम खेलते वक्त छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सोमवार का मिली जानकारी के अनुसार गांव खेड़िया निवासी जहांगीर की तीन वर्षीय पुत्री सनाया अपनी मां के साथ दो-तीन दिन पूर्व गांव जसराना स्थित अपनी ननिहाल आई हुई थी। बताते हैं कि सोमवार की सुबह सनाया अपने मामा के बच्चों के साथ घर की छत पर खेल रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे आ गिरी। घटना की जानकारी होने पर मौजूद लोगों के मुंह से चीख निकल गई। अचानक मची चीख पुकार सुनकर घर के अंदर दैनिक कामकाज में लगे परिजन भी बाहर आ गयेऔर आनन-फानन में उसे लहुलुहान हालत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।









