
सादाबाद-2 फरवरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव मंस्या कला में आज सुबह एक घर में इलेक्ट्रिक स्कूटर की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग लगने से आसपास रखा सामान भी जलकर राख हो गया।आग इतनी तेजी से फैली कि लाखों रुपये का कीमती सामान और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर खाक हो गए।। बताया जाता है इलेक्ट्रिक स्कूटर में चार्जिंग के दौरान लगी आग से तेज धुआं उठने से परिजनों की नींद खुल गई। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। आग अधिक भड़कने के कारण ग्रामीणों को काफी देर बाद उस पर काबू पाने में सफलता मिली। घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान पाया गया कि इलेक्ट्रिक स्कूटर के चार्जिंग प्वाइंट में फॉल्ट होने से आग लगी, जिसने विकराल रूप धारण कर लिया।









