
हाथरस-2 फरवरी।थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला तुन्दला में घरेलू विवाद के चलते एक विवाहिता ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लेने से जहां महिला की हालत बिगड़ गई। वहीं घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। महिला की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया। बताया जाता है थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला तुन्दला निवासी करीब 28 वर्षीय शिवानी पत्नी अज्जू उर्फ अर्जुन का किसी बात को लेकर अपने पति से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद शिवानी ने आवेश में आकर घर में रखे तेजाब को पी लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस अस्पताल पहुंच गई और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।









