
हाथरस, 31 जनवरी। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला एड्स समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि एचआईवी/एड्स कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से किया जाए। उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित रिपोर्ट्स को समय से पोर्टल पर अपडेट किया जाए तथा आउटरीच माइक्रोप्लान संबंधित कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा किए जाए। उन्होंने एचआईवी/एड्स मामलों के लिए विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाकर ब्लॉक स्तर पर नियमित फॉलोअप सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही एचआईवी की पुष्टि के सात दिवस के भीतर शत-प्रतिशत एआरटी पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम की सतत निगरानी की जाए तथा कमजोर प्रदर्शन वाले ब्लॉकों, संस्थानों एवं कार्मिकों की स्पष्ट जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, टीआई, एनजीओ एवं फील्ड स्टाफ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स अभियान को सफल बनाने हेतु दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, एम0ओ0आई0सी0 सहित अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।









