
सिकंद्राराऊ-31 जनवरी। कोतवाली क्षेत्र के एटा रोड पर गांव रतिभानपुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचल दिया। जिससे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई तथा सूचना पाकर मौके पर थाना पुलिस पहुंच गई और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।। बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के एटा जीटी रोड पर गांव रतिभानपुर के निकट एटा के निधौलीकलां कोतवाली क्षेत्र के गांव मगराया निवासी करीब 23 वर्षीय युवक अनिल पुत्र कालीचरन अलीगढ़ के गांव शंकर खेड़ा में अपनी रिश्तेदारी से वापस एटा जा रहा था। उसके साथ दो अन्य लोग भी थे।तभी रतिभानपुर के निकट अनिल ने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की और पेशाब करने लगा। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घटना की सूचना पाकर मृतक अनिल के परिवार के सदस्य भी घटनास्थल पर पहुंच गए। अनिल मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था। उसके परिवार में एक मासूम बेटी है और उसकी पत्नी गर्भवती है। उक्त घटना से परिवार में जहां भारी कोहराम मच गया है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












