
हाथरस-26 जनवरी। कोतवाली सदर क्षेत्र के मौहल्ला मधुगढ़ी स्थित एक होटल पर रोटी बनाते समय रोटी पर थूकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी को कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया है।। बताया जाता है कोतवाली सदर क्षेत्र के मौहल्ला मधुगढ़ी स्थित एक होटल बादशाह होटल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और वीडियो में होटल का एक कारीगर तंदूर में रोटी सेंकने से पहले उस पर थूकता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आते ही मामला पुलिस तक पहुंचा। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग करने की धारा में कार्यवाही की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक की पहचान फरमान पुत्र रफीक निवासी मौहल्ला मधुगढ़ी के रूप में हुई है। बताया जाता है आरोपी फरमान बादशाह होटल में कारीगर के रूप में काम करता है और वह होटल स्वामी का चचेरा भाई है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक खुलेआम रोटी पर थूककर उसे तंदूर में डाल रहा है। किसी व्यक्ति द्वारा इस कृत्य का वीडियो बना लिया गया। जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
उक्त वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्यवाही की गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांति भंग की आशंका को देखते हुए आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की गई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और होटल संचालक से भी पूछताछ की जा रही है।









