
सासनी-19 जनवरी। गांव मुहरिया स्थित कंपोजिट (संविलियन) विद्यालय के रसोई घर में आज मिड-डे मील का खाना बनाते वक्त वहां रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। बडी मुश्किल से पुलिस जवानों ने आग पर काबू पाया।। मिली जानकारी के अनुसार गांव मुहरिया स्थित कंपोजिट विद्यालय में एमडीएम के तहत रोजाना की तरह बच्चों के लिए खाना बनाया जा रहा था। तभी रसोई में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। जिससे विद्यालय में मौजूद स्टाफ और बच्चों में खलबली मच गई। घटना की सूचना तत्काल प्रभाव से दमकल विभाग को दी गई। सूचना पाकर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और जवानों ने साहस का परिचय देते हुए जलते हुए सिलेंडर में लगी आग पर बडी मशक्कत के बाद काबू पाया। पुलिस की तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद स्कूली बच्चों और शिक्षक शिक्षिकाओं ने चैन की सांस ली। गनीमत रही कि इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।









