
सिकन्द्राराऊ- 15 जनवरी। कासगंज रोड स्थित गांव निहालपुर के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी । हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए । एक युवक की उपचार के दौरान अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई । मृतक की पत्नी ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है ।।
कोतवाली में रेशमा पत्नी नन्ने खां निवासी गांव मलिकपुर थाना शोरूम जनपद कासगंज में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि गत 5 जनवरी की शाम को 4 बजे करीब उसका पति अपने परिचित दीपक पुत्र मुकेश के साथ बाइक पर सवार होकर हरियाणा से नौकरी करके गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव निहालपुर के निकट पहुंचे, तभी सामने की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई । दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया,जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर नन्ने खां को उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान नन्ने खा की मौत हो गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।









