उद्योगपति व व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल सदर विधायक के नेतृत्व में मिला जिलाधिकारी से: बोले : जीएसटी कार्यालय हेतु आवंटित भूमि प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग

हाथरस-15 जनवरी। जीएसटी कार्यालय हेतु आवंटित भूमि से संबंधित लंबित पत्रावलियों को शीघ्र पूर्ण कराने को सदर विधायक श्रीमती अंजुला माहौर के सानिध्य में आज शहर के उद्योगपति, व्यापारी एवं समाजसेवियों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी आवास पर जिलाधिकारी अतुल वत्स से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रमुख समाजसेवी एवं उद्योगपति देवेंद्र मोहता ने किया।।
वार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से वाटर वर्क्स स्थित जीएसटी कार्यालय हेतु आवंटित भूमि से संबंधित लंबित पत्रावलियों को शीघ्र पूर्ण कराने का अनुरोध किया। इस अवसर पर अवगत कराया गया कि वर्ष 2007 में तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा वाटर वर्क्स स्थित बिजलीघर की स्थापना हेतु नगर पालिका की भूमि आवंटित की गई थी तथा वर्तमान में उसी क्षेत्र में ऑडिटोरियम हेतु भी भूमि आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। उक्त को शीघ्र पूर्ण कर आवंटन की कार्यवाही किये जाने की मांग प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखी गई।।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि जनहित एवं व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी। उन्होंने सदर विधायक के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि शहर के समग्र एवं बहुआयामी विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का सामूहिक प्रयास आवश्यक है।।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि हाथरस में शीघ्र ही एक आधुनिक औद्योगिक पार्क तथा बच्चों के लिए सभी सुविधाओं से युक्त पार्क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने उद्योगपतियों एवं व्यापारियों से अपील की कि वे जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा सामाजिक दायित्वों के साथ गौ सेवा जैसे पुण्य कार्यों में भी योगदान दें।।
इस दौरान प्रतिनिधि मंडल में उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रदीप गोयल, सुरेश अग्रवाल, प्रदीप बंसल, कन्हैयालाल शर्मा, पराग गर्ग, निष्कर्ष सिंघल सहित शहर के अनेक उद्योगपति ,व्यापारी व समाजसेवी शामिल थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment