पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना की डीएम ने की समीक्षा

हाथरस-14 जनवरी। पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत निजी घरेलू आवासों पर रूफटॉप सोलर पावर प्लांट की स्थापना की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने एवं योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा नगर पालिका/नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों, स्थापित सोलर पैनलों तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत सूची तैयार कर नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदन किसी भी स्तर पर लंबित न रहने पाएं।
जिलाधिकारी ने आम जनमानस को सोलर पैनल स्थापना के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे न केवल योजना के लक्ष्यों की समय से पूर्ति होगी, बल्कि आम नागरिकों को भी योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक बचत एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, एलडीएम, समस्त खंड विकास अधिकारी तथा नगर पालिका/नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment