डॉ. बी.डी. गुप्ता की जयंती पर स्मृति समारोह: के.के. चौधरी सम्मानित

हाथरस-14 जनवरी। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ब्रज कला केंद्र एवं ब्रज कला अकादमी के संरक्षक तथा शहर के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ रहे डॉ. बी.डी. गुप्ता की जयंती गढ़ी जैनी स्थित अपना घर आश्रम में मनाई गई। कार्यक्रम अपना घर आश्रम के अध्यक्ष दिलीप पोद्दार एडवोकेट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जबकि संचालन ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष एवं अपना घर के सचिव चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने किया।।
कार्यक्रम में डॉ. बी.डी. गुप्ता स्मृति सम्मान से गणेश सिटी के अध्यक्ष के.के. चौधरी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. बी.डी. गुप्ता के छविचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया।वक्ताओं की श्रृंखला में ओमप्रकाश गुप्ता, अनिल अग्रवाल, बीना गुप्ता एडवोकेट, पं. अविनाश चंद पचौरी एवं पं.ऋषि कुमार कौशिक ने कहा कि डॉ. बी.डी. गुप्ता न केवल एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक थे, बल्कि साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सेवा के प्रति उनका योगदान अनुकरणीय रहा। उन्होंने चिकित्सा सेवा को मानवता की सेवा मानते हुए जीवन भर निःस्वार्थ भाव से समाज की सेवा की। उनका जीवन प्रेरणा का स्रोत है।।
वाणी पुत्रों की ओर से वरिष्ठ कवि आशु कवि अनिल बौहरे, कवयित्री मीरा दीक्षित, गोपाल चतुर्वेदी, श्याम बाबू चिंतन, दीपक रफी आदि कवियों ने काव्य पाठ के माध्यम से नमन करते हुए कहा कि डॉ. गुप्ता की स्मृतियाँ उनके द्वारा किए गए सेवा कार्यों, स्नेह और संस्कारों में आज भी जीवंत हैं। वे सदैव समाज के हृदय में सम्मान के साथ स्मरण किए जाते रहेंगे।।
कार्यक्रम में डॉ. बी.डी. गुप्ता के परिजन उनकी पत्नी पूर्व प्रधानाचार्य उषा गुप्ता, पुत्र डॉ. मनीष गुप्ता तथा पुत्री इंजीनियर मनीषा अमेरिका से लाइव माध्यम से जुड़ी रहीं और आयोजन के लिए ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य एवं उनके समस्त साथियों का आभार व्यक्त किया।। इस अवसर पर दीपक गुप्ता, चंद्रकांत, लक्ष्य वार्ष्णेय, हरिशंकर वर्मा, जयकांत, गजेंद्र, दिवाकर, दिलीप कुमार, धनीराम सहित अनेक नागरिक उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment