हाथरस-22 जून। वृद्ध महिला के उपचार का वादा करने के बाद भी फैक्ट्री संचालक द्वारा उपचार नहीं कराये जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने आज फैक्ट्री का घेराव किया और एक घायल महिला को फैक्ट्री के आगे लिटा दिया। आरोप है कि फैक्ट्री स्वामी ने इस घायल महिला को पिछले दिनों मजदूरी मांगने पर एक मैक्स गाड़ी के आगे धक्का दे दिया था। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उस समय फैक्ट्री स्वामी ने महिला का इलाज कराने का वादा किया था, लेकिन इसके बाद इलाज भी नहीं कराया। अब ग्रामीणों का कहना है कि जब तक इस मामले में कार्यवाही नहीं होगी और घायल महिला के इलाज और भरण पोषण की व्यवस्था नहीं होगी तब तक वह अपना धरना जारी रखेंगे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन ग्रामीण अपनी बात पर डटे हुए थे।
बताया जाता है चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव गुमानपुर में एक नमकीन की फैक्ट्री है। वहां इसी गांव की एक बुजुर्ग महिला शकुंतला दिहाड़ी मजदूरी पर काम करती है। आरोप है कि गत सोमवार को जब वह अपनी मजदूरी लेने गई तो फैक्ट्री स्वामी से उसका विवाद हो गया और इसी विवाद में फैक्ट्री स्वामी ने उसे धक्का दे दिया। इस पर वह एक गाड़ी की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
आरोप है कि इसके बाद उस समय फैक्ट्री स्वामी ने उसे इलाज का आश्वासन दिया था, लेकिन फिर उसका इलाज नहीं कराया। आज उक्त वृद्ध महिला को घायल अवस्था में लेकर गांव की अन्य महिलाएं और ग्रामीण इस फैक्ट्री पर पहुंच गए। इन लोगों ने फैक्ट्री नहीं खुलने दी और मौके पर हंगामा करना शुरू कर दिया। महिला को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ उसका पूरा इलाज करने और मामले में कार्यवाही की मांग करने लगे। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को समझाने में जुटी थी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस लोगों को समझाकर मामला शांत करने का प्रयास कर रही थी।