प्राचीन शिव मंदिर खोरना में गूंजी रामचरितमानस की चौपाइयां: भोलेनाथ का हुआ भव्य फूल बंगला श्रृंगार

सासनी। क्षेत्र के सुप्रसिद्ध और आस्था के केंद्र प्राचीन शिव मंदिर खोरना के पंचम वार्षिकोत्सव के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर देवाधिदेव महादेव भगवान श्री भोलेनाथ का अलौकिक फूल बंगला सजवाया गया, जिसके दर्शनों के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
​विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अखईपुर खंड अध्यक्ष ह्देश रावत के संयोजन व नेतृत्व में आयोजित इस दिव्य कार्यक्रम की शुरुआत संगीतमयी अखंड श्री रामचरितमानस पाठ के साथ हुई। विख्यात भजन गायकों और मानस मर्मज्ञों द्वारा प्रस्तुत की गईं चौपाइयों और भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। पूरा मंदिर परिसर जय श्री राम और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।
​धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाले इस आयोजन में विश्व हिंदू परिषद के जिला और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने विशेष रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम में विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव और जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण गर्ग ने भगवान भोलेनाथ के दरबार में मत्था टेककर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।आयोजन को सफल बनाने में विहिप प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, प्रखंड उपाध्यक्ष हेमंत कौशल, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, सह मंत्री सचिन भार्गव और अमन भार्गव आदि ने व्यवस्थाएं संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई। विहिप नेताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना और एकजुटता का संचार करते हैं।
​अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहूति के उपरांत भगवान भोलेनाथ को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद आरती और विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में आए क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया। मंदिर कमेटी और विहिप कार्यकर्ताओं द्वारा सभी आगंतुक अतिथियों और श्रद्धालुओं का पटका पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment