
हाथरस अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा लागत से कई गुना अधिक निर्धारित किए जा रहे अधिकतम विक्रय मूल्य (एमआरपी) के विरोध में केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार 12 जून को प्रातः 9 बजे से तहसील परिसर अलीगढ़ रोड में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
इसी संदर्भ में आज संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर सिंह से भेंट कर धरना-स्थल के लिए अनुमति माँगी, जिस पर उन्होंने कार्यक्रम हेतु स्वीकृति प्रदान कर दी।उल्लेखनीय है कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा इसी दिन जंतर-मंतर नई दिल्ली पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश भर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सहभागिता कर रहे हैं। जनपद में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के पदाधिकारियों ने जनपद के सभी कार्यकर्ताओं, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में तहसील परिसर पहुंचकर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा तथा आम जनता पर पड़ रहे अनावश्यक आर्थिक बोझ को कम करने के इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय रोजगार प्रमुख अनूप अग्रवाल उदय, जिलाध्यक्ष मनोज बूटिया, जिला सचिव लोकेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज वर्मा, विष्णु वर्मा, अभय बंसल, नगर अध्यक्ष राम अग्रवाल, नगर सचिव श्याम अग्रवाल आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।












