
हाथरस। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक)-2026 का आयोजन जनपद के निर्धारित परीक्षा केंद्र पर 2 जून से प्रारंभ हो गई है। ग्रुप-ए के अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रथम एवं द्वितीय दिवस में तीन पालियों में सफलता पूर्वक आयोजित की गई। परीक्षा का संचालन प्रातः 8 बजे से 10ः30 बजे तक, दोपहर 12 बजे से 2ः30 बजे तक तथा सायं 4 बजे से 6ः30 बजे तक किया गया। इसी प्रकार परीक्षा का आयोजन 9 जून तक निरंतर जारी रहेगा।
जिला नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य राजकीय पॉलिटेक्निक (एमएमआईटी) डॉ. सोनवीर सिंह ने बताया कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि जोनल मजिस्ट्रेट एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रकाश चंद्र द्वारा परीक्षा केंद्र का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। परीक्षा के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट अश्विनी कुमार तिवारी (चकबंदी अधिकारी), केंद्र पर्यवेक्षक देवेंद्र सिंह भारंगर तथा केंद्र अधीक्षक जय प्रकाश यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
डॉ. सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे गए, जिनमें गणित के 50, भौतिक विज्ञान के 25 तथा रसायन विज्ञान के 25 प्रश्न शामिल थे। परीक्षा के प्रथम दिवस प्रथम पाली में पंजीकृत 45 अभ्यर्थियों में से 26, द्वितीय पाली में 30 तथा तृतीय पाली में 37 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। वहीं द्वितीय दिवस प्रथम पाली में 39, द्वितीय पाली में 40 एवं तृतीय पाली में 36 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं तथा संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई गई









