व्यापारी, दुकानदार स्वेच्छा से हटायें अतिक्रमण,नहीं तो चलेगा अभियानःसिल्ट मलबा को तत्काल हटवाने के निर्देशवर्षा ऋतु से पूर्व जलभराव रोकने को सिल्ट सफाई का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

हाथरस आगामी वर्षा ऋतु में शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसे सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आज शहर में नगर पालिका परिषद क्षेत्र का भ्रमण कर नालों की चल रही सिल्ट सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नालों की सफाई से निकलने वाले मलबे को तत्काल उठवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के साथ-साथ निकाली गई सिल्ट एवं कूड़े का निस्तारण भी समयबद्ध रूप से किया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में असुविधा न हो तथा सड़कों को नुकसान से बचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पूर्व में शहर क्षेत्र के ड्रेनेज प्लान की समीक्षा की जा चुकी है तथा नगर पालिका द्वारा इसके अनुरूप कार्यवाही की जा रही है। हाल ही में थर्ड पार्टी एजेंसी के माध्यम से विशेष सफाई अभियान प्रारम्भ कराया गया है, जिसकी प्रगति एवं गुणवत्ता का निरीक्षण करने के लिए वे स्वयं मौके पर पहुंचे हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि नालों से निकाली गई सिल्ट कई स्थानों पर सड़कों के किनारे पड़ी हुई है, जिससे नागरिकों को असुविधा हो रही है। इस पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि सफाई कार्य के साथ-साथ मलबा तत्काल हटवाया जाए। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था को निर्धारित शर्तों के अनुसार सीमित समयावधि में मलबा हटाने की जिम्मेदारी दी गई है, जिसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र के दुकानदारों एवं व्यापारियों से भी अपील की कि वे स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटा लें। उन्होंने कहा कि सड़क एवं नालों के किनारे किए गए अतिक्रमण तथा अवैध पार्किंग जल निकासी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करते हैं। यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाकर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मुरसान गेट स्थित जल निकासी हेतु स्थापित सीवेज पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद ने अवगत कराया कि उक्त पंपिंग स्टेशन पर वार्ड संख्या-12, 30 एवं 31 का वर्षा जल एवं अपशिष्ट जल एकत्रित होता है, जिसे पंपिंग सेट के माध्यम से नाले में प्रवाहित किया जाता है। जिलाधिकारी ने पंपिंग स्टेशन की कार्यप्रणाली, क्षमता एवं मानसून के दौरान निर्बाध संचालन की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment