
हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मंडी समिति के पीछे बीती रात्रि को विद्युत कार्य करने के दौरान एक संविदा लाइनमैन की हाईटेंशन लाइन पर काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई। घटना से परिवार में जहां भारी कोहराम मचा हुआ है। वहीं पजिजनों ने मुआवजा व नौकरी की मांग की है।
विद्युत विभाग में संविदा लाइनमैन 50 वर्षीय राजन सिंह बघेल निवासी गांव खोरना थाना सासनी थे और प्रगति पुरम विद्युत स्टेशन पर तैनात थे।राजन सिंह बघेल हाईटेंशन लाइन पर काम कर रहे थे, तभी अचानक उसमें करंट आ गया। करंट लगने से वह पोल से नीचे गिर गए। उन्हें गंभीर हालत में तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आज शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मृतक लाइनमैन के भाई ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के हाईटेंशन लाइन में करंट छोड़ दिया गया, जिसके कारण उनके भाई की जान चली गई। उन्होंने मांग की है कि मृतक के चार बच्चों में से एक को सरकारी नौकरी दी जाए और परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। उसने इस मामले को लेकर कोतवाली हाथरस गेट में भी तहरीर दी है। पुलिस ने कार्यवाही का आश्वासन दिया है।












