हाथरस की बेटी त्विसा शर्मा की मौत मामले में मानव कल्याण संस्था ने की कठोर कार्यवाही की मांग


हाथरस सामाजिक संस्था मानव कल्याण द्वारा भोपाल में हाथरस की बेटी त्विसा शर्मा की मौत मामले में आरोप लगाते हुए उसके पति समर्थ सिंह व सास द्वारा की गई क्रूरता व हत्या के आरोप में दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी, फास्ट-ट्रैक कोर्ट में मुकददमे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने हेतु ज्ञापन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजा गया है।
मानव कल्याण सामाजिक संस्था ने ज्ञापन भेजते हुए कहा है कि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में घटित एक अत्यंत जघन्य, अमानवीय और हृदय विदारक घटना ने पूरे जनपद और समाज को झकझोर कर रख दिया है। हाथरस की रहने वाली बेटी का विवाह भोपाल (म.प्र.) निवासी समर्थ सिंह के साथ हुआ था। ज्ञापन में आरोप लगाते हुए कहा गया है कि घटना से अत्यंत दुख और आक्रोश है तथा भोपाल स्थित ससुराल में उसके पति समर्थ सिंह और उसकी माता (सास) द्वारा बेटी की निर्मम हत्या के आरोपी हैं। एक बेटी जो हाथरस से खुशहाल जीवन के सपने लेकर मध्य प्रदेश गई थी, उसे वहां कानून का भय खो चुके अपराधियों ने मौत के घाट उतार दिया।
मानव कल्याण सामाजिक संस्था इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर प्रकार की कानूनी और सामाजिक सहायता प्रदान करने का संकल्प लेती है। संस्था ने मुख्यमंत्री से मांगें की है कि मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो। हत्या के मुख्य आरोपी पति समर्थ सिंह और उसकी माता (सास) सहित इस षड्यंत्र में शामिल सभी दोषियों को बिना किसी विलंब के तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकददमे की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को समयबद्ध और त्वरित न्याय मिल सके।आरोपियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए, जिससे समाज में एक कड़ा संदेश जाए।भोपाल प्रशासन द्वारा हाथरस से जाने वाले पीड़ित परिवार के सदस्यों को पूरी सुरक्षा और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया जाए। उत्तर प्रदेश की इस बेटी को न्याय दिलाने के लिए भोपाल पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से कड़े एवं निष्पक्ष निर्देश जारी करें। न्याय की इस लड़ाई में मानव कल्याण सामाजिक संस्था हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मांग करने वालों में संस्थापक मानव कल्याण सामाजिक संस्था राजीव वाष्र्णेय, जिलाध्यक्ष नारायण लाल, जिला महामंत्री कन्हैंया वाष्र्णेय, जिला कोषाध्यक्ष लोकेश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र वाष्र्णेय आदि शामिल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment