
सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला जलाल के निकट एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी । हादसे में बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई । घायल महिला का उपचार अलीगढ़ में एक निजी अस्पताल में चल रहा है । घटना की रिपोर्ट घायल महिला के पति ने कोतवाली में नामजद ट्रैक्टर चालक के खिलाफ दर्ज कराई है ।
सुखेन्द्र सिंह पुत्र सत्यवीर सिंह निवासी गांव सलेमपुर पीरोंदा थाना कोतवाली कासगंज जिला कासगंज ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि गत 26 अप्रैल को उनका पुत्र शिवम पुंढीर अपनी मां कृष्णलता के साथ बाइक पर सवार होकर जलेसर शादी मे शामिल होने के लिए जा रहा था । जैसे ही बाइक सवार मां बेटे गांव नगला जलाल के समीप पहुंचे । तभी एक ट्रैक्टर के चालक नगेन्द्र सिह उर्फ पीलू पुत्र बलवीर सिंह उर्फ भन्डारी निवासी गांव दरियापुर थाना सिकंदराराऊ ने बाइक में टक्कर मार दी । हादसे में पीड़ित की पत्नी कृष्णलता गंभीर रूप से घायल हो गई । इस दौरान घटना को अंजाम देकर ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को मौके से लेकर भाग गया। घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। घायल महिला का उपचार अलीगढ़ में एक निजी अस्पताल में जारी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।












