सिकन्द्राराऊ में बंद पड़े ट्रॉमा सेंटर को चालू कराने को चलायेंगे हस्ताक्षर अभियान

अनूप शर्मा द्वारा

सिकन्द्राराऊ-13 जनवरी । स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर वर्षों से बंद पड़े ट्रॉमा सेंटर को सुचारू रूप से संचालित कराने की मांग को लेकर पूर्व एमएलसी डॉ. राकेश सिंह राना ने हस्ताक्षर अभियान शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 16 जनवरी से 16 फरवरी तक शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा।।
पूर्व एमएलसी डॉ. राकेश सिंह राना ने बताया कि कस्बा के जीटी रोड पर आवागमन अधिक होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने 2 जुलाई 2024 को भोले बाबा के कार्यक्रम के दौरान हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार कई लोगों की मृत्यु हुई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। यदि उस समय ट्रॉमा सेंटर चालू होता तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री से अनुरोध पर सीएचसी में ट्रॉमा सेंटर की स्वीकृति मिली थी और दिसंबर 2016 तक भवन भी बनकर तैयार हो गया था, लेकिन नौ वर्ष बीत जाने के बाद भी वहां न तो जांच मशीनें उपलब्ध हैं, न पैरामेडिकल स्टाफ और न ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती हुई है।उन्होंने मतदाताओं से जागरूक होकर बदलाव के लिए आगे आने की अपील की।।
उन्होंने बताया कि हस्ताक्षर अभियान के बाद एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजा जाएगा, जिसमें ट्रॉमा सेंटर को अविलंब मानकों के अनुसार संचालित कराने की मांग की जाएगी। डॉ. राकेश सिंह राना ने दावा किया कि यदि जनता का सहयोग मिला तो एक वर्ष के भीतर ट्रॉमा सेंटर को पूरी तरह से क्रियाशील कराया जाएगा।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment