विशेष अभियान के तहत मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन: 6 फरवरी तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां

सिकन्द्राराऊ- 12 जनवरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं शासनादेश के क्रम में रविवार को तहसील परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी संजय कुमार ने की।। इस दौरान उपजिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कस्बा व ग्रामीण क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन किया गया है।
उपजिलाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया गया तथा आम नागरिकों को सूची का अवलोकन करने का अवसर प्रदान किया गया। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन कराने के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह निर्धारित फॉर्म भरकर आवेदन कर सकता है। वहीं किसी भी प्रकार की समस्या होने पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी यूनिवर्सल हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा मतदाता अपने संबंधित बीएलओ से सीधे संपर्क कर भी समाधान प्राप्त कर सकते हैं।। उपजिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 6 फरवरी तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इसके पश्चात जिन मामलों में वर्ष 2003 से मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, उन सभी मामलों को 26 फरवरी तक परीक्षण में लिया जाएगा। इन प्रकरणों में नोटिस जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे समय रहते मतदाता सूची की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में मतदान के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment