गर्मी के साथ आवारा कुत्ते हुए खूंखार ,कुत्तों के आतंक से लोग परेशान

सिकंदराराऊ । जैसे जैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इसी के साथ आवारा कुत्ते भी खूंखार हो रहे हैं। कस्बा में आवारा कुत्तों का भी आतंक बढ़ता ही जा रहा है। कुत्ते आए दिन लोगों एवं मवेशियों को अपना शिकार बना रहें हैं । इसी क्रम कस्बा के मोहल्ला शाहबुद्दीनगंज में बीती रात आवारा कुत्तों के झुंड ने एक घर के घेर में बंधी मवेशियों पर हमला कर दिया । कुत्ते द्वारा किए हमले में पांच मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार की सुबह जब पशु पालक ने मवेशियों को मरा हुआ देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मोहल्ला शाहबुद्दीनगंज निवासी पीड़ित पशु पालक मोहम्मद अजीम ने बताया कि मोहल्ले में आधा दर्जन से अधिक आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं, जो अब खूंखार हो चुके हैं। ये कुत्ते मवेशियों के साथ-साथ छोटे बच्चों पर भी हमला करते हैं। सोमवार की रात्रि को उनके घेर में बकरे एवं बकरियां बंधी हुई थी। देर रात्रि को आवारा कुत्तों का झुंड घेर में घुस गया। कुत्तों के झुंड ने घेर में बंधी दो बकरी एवं तीन बकरों पर हमला कर दिया। झुंड ने उन्हें बुरी तरह नौंच डाला । जिससे पांचों मवेशियों की मौके पर मौत हो गई। मंगलवार की सुबह जब पीड़ित ने इस दृश्य को देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई । मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई ।
घटना की सूचना मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद मुशीर कुरैशी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आवारा कुत्तों को पकड़वाकर कस्बा से दूर छोड़ा जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।









