किसान पर गहराया आर्थिक संकट मुआवजे की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सिकंदराराऊ। क्षेत्र में रविवार दोपहर आई तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में गहाई के लिए कटी पड़ी गेहूं की फसल भीग गई, जबकि कटाई के लिए तैयार खड़ी फसल तेज हवा और ओलों की मार से खेतों में बिछ गई। कई स्थानों पर गेहूं की बालें टूटने से उत्पादन और गुणवत्ता दोनों पर असर पड़ने की आशंका है। अनुमान है कि क्षेत्र में हजारों एकड़ फसल को भारी नुकसान हुआ है। युवा उद्योगपति एवं समाज सेवी आकाश दीक्षित के नेतृत्व में मुआवजे की मांग करते हुए सोमवार को उपजिलाधिकारी संजय कुमार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया।
सौंप गए ज्ञापन में कहा है कि भयंकर ओलावृष्टि और लगातार बारिश के कारण किसानों की तैयार की हुई गेहूं व सरसों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं । किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और उन पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ओलावृष्टि एवं बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा है कि बार-बार बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि से गिरी फसल की गुणवत्ता खराब हो जाएगी । जिससे किसानों को कम कीमत मिलेगी। उन्होंने तहसील प्रशासन से तत्काल नुकसान का सर्वे कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि क्षेत्र में तत्काल पर प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर पीड़ित किसानों की मुआवजा राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाए। प्रति एकड़ उचित राहत पैकेज 50,000 तक प्रदान किया जाए। इस संकट की घड़ी में किसानों के कृषि ऋण और ब्याज को भी माफ किया जाए। ज्ञापन देने वालों में आकाश दीक्षित,प्रेमपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, दिनेश कुमार , नौबत सिंह, मोहम्मद राशिद अहमद, शमशाद खान, मयंक माही उपाध्याय, अरुण कुमार , अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।









