टूरिस्ट बस चालक को बचाने आए युवक से की मारपीटः गंभीरः उपचार के दौरान मौतः कोहराम

हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मौहल्ला तमन्ना की गढ़ी में एक युवक की मारपीट में घायल होने के बाद मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में भारी कोहराम मच गया है। उक्त युवक ने एक टूरिस्ट बस के चालक को बचाने का प्रयास किया था, जिसके बाद हमलावरों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है घटना गत 16 मार्च को मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर हुई थी।जहॉ कुछ लोगों का एक टूरिस्ट बस के चालक से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर हमलावर टूरिस्ट बस का पीछा करते हुए हाथरस तक आ पहुंचे।हमलावरों से बचने के लिए बस चालक अपनी बस को गढ़ी तमन्ना तक ले आया। जब हमलावर बस चालक के साथ मारपीट करने लगे, तो वहां भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान पेशे से वाहन चालक 28 वर्षीय अभिलाष ने बस चालक को बचाने की कोशिश की।लेकिन हमलावरों ने अभिलाष के साथ भी जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के सदस्य उसे उपचार के लिए अलीगढ़ ले गए, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया।
बताया जाता है युवक की मौत से परिजनों में भारी कोहराम मच गया है और परिवार के लोग अभिलाष के शव को वापस हाथरस ले आये और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस पूरे मामले की पुलिस गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment