
हसायन कोतवाली क्षेत्र के कस्बा निवासी एक किराना व्यापारी की बाइक कुत्ते से टकरा गई और दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यापारी की उपचार के दौरान मौत हो गई। उक्त घटना दो दिन पूर्व सोमवार को हुई थी, जब व्यापारी अपनी दुकान के लिए एक युवक की तलाश में जा रहे थे।
बताया जाता है कस्बा के मौहल्ला किशन निवासी 47 वर्षीय व्यापारी सुरेन्द्र कुमार कस्बा के नगला विजन कौंडरा मार्ग पर परचून की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार को वह अपनी दुकान के लिए एक सहायक युवक की तलाश में मोटरसाइकिल से गांव धुबई जा रहे थे। जैसे ही वह अपने खेत के निकट पहुंचे, उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर अचानक आए एक निराश्रित कुत्ते से टकरा गई। टक्कर के बाद सुरेन्द्र कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के दौरान राहगीरों ने उन्हें उठाकर कस्बा के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद राहगीरों ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी, जो कि घायल सुरेन्द्र कुमार को घर ले गए।घर पहुंचने के बाद सुरेन्द्र कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ ले गए। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। व्यापारी की मौत की खबर से मौहल्ला में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक व्यापारी का शव कल मंगलवार को घर पहुंचते ही परिजनों में करुण क्रंदन और चीख-पुकार मच गई।मृतक व्यापारी सुरेन्द्र कुमार के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री है।मृतक के पुत्र का विवाह अगले महीने 19 अप्रैल को प्रस्तावित था। व्यापारी की असामयिक मौत से शादी समारोह की सभी तैयारियां और खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।









