
हाथरस। जिले में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की लगातार हो रही कमी से आम जनता, छोटे व्यापारी और होटल-ढाबा संचालक भारी परेशान हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने कहा है कि भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करने में व्यस्त है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि आम लोगों को गैस सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। कई स्थानों पर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं और गैस एजेंसियों के फोन तक नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों और प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा आज आम जनता भुगत रही है। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारी और होटल-ढाबा संचालक भी गैस सिलेंडर न मिलने से भारी संकट में हैं।
जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तुरंत गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए और जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी आम जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।









