रोडवेज के बाइक सवार फोरमैन को अज्ञात वाहन ने रौंदाःमौत

 

हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कस्बा हाथरस जंक्शन के पास बीती रात्रि को एक सड़क हादसे में रोडवेज के एक फोरमैन को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे रोडवेज के फोरमैन की मौत हो गई। घटना उसे वक्त हुई जब फोरमैन रात्रि को अपनी ड्यूटी से लौट रहे थे। घटना से फोरमैन के परिवार में भारी कोहराम मच गया है।
बताया जाता है थाना हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव मितनपुर निवासी 59 वर्षीय धर्मेंद्र पाल सिंह पुत्र गोकुल सिंह हाथरस रोडवेज में फोरमैन के पद पर कार्यरत थे। देर रात ड्यूटी समाप्त कर वह अपनी बाइक से गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कस्बा हाथरस जंक्शन के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र पाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मृतक फोरमैन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्य भी अस्पताल पहुंच गए। धर्मेंद्र पाल सिंह अपने पीछे अन्य परिजनों के अलावा चार संतानों को रोते बिलखते छोड़ गए हैं। फोरमैन की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment