माध्यमिक शिक्षा विभाग अलीगढ़ मंडल के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के बीच आयोजित गुरु गौरव कप 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का के. एल. जैन इंटर कॉलेज, सासनी के खेल मैदान में भव्य शुभारंभ किया गया।
शुक्रवार से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज जनपदों की टीमें भाग ले रही हैं। कार्रक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला विद्यालय निरीक्षक अलीगढ़ पूरन सिंह ने मां सरस्वती के छबिचित्र के सामने दीप जलाकर एवं पुष्पहार अर्पित कर किया। तत्पश्चात खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल आपसी सहयोग, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने शिक्षकों द्वारा खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी को सराहनीय बताया। टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में अलीगढ़ स्कॉलर्स और कासगंज टाइटंस की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। वहीं मैच का शुभारंभ फोकस अल्ट्रासाउंड के डायरेक्टर डॉ. विकास शर्मा तथा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने किया। के. एल. जैन इंटर कॉलेज सासनी के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक जैन एवं डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत किया। मैच में कासगंज टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। अलीगढ़ स्कॉलर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। टीम की ओर से आशीष चैधरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 69 रनों की आकर्षक पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कासगंज टाइटंस की टीम निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और पूरी टीम ऑल आउट हो गई। कासगंज की ओर से मयंक गुप्ता ने सर्वाधिक 56 रन बनाए। गेंदबाजी में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आशीष चैधरी ने मात्र 11 रन देकर 4 विकेट झटकते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के दूसरे मैच का उद्घाटन यूनियन एजुकेशन ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह तथा के. एल. जैन इंटर कॉलेज सासनी के उपप्रबंधक श्री अंजय कुमार जैन ने किया। इस मुकाबले में हाथरस एलाइट के कप्तान मानवेंद्र सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। हाथरस एलाइट की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 173 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया, जिसमें कप्तान मानवेंद्र सिंह की शानदार और जिम्मेदार पारी आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके नेतृत्व और बल्लेबाजी के दम पर टीम ने मैच पर शुरू से ही पकड़ बनाए रखी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एटा एजुकेटर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 130 रन ही बना सकी और हाथरस एलाइट ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। अपने बेहतरीन प्रदर्शन और प्रभावशाली कप्तानी के लिए मानवेंद्र सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में शिक्षक, खेल प्रेमी एवं स्थानीय लोग मैदान पर उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे। पूरे आयोजन में खेल भावना, सौहार्द और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।









