वृद्धों की मुस्कान में दिखे राधा-कृष्णः वृद्धाश्रम में होली मिलन के साथ लगा स्वास्थ्य शिविर

हाथरस-7 मार्च। सेवा और संस्कृति के संगम के साथ विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस राधा गोविन्द द्वारा स्थानीय वृद्धाश्रम में भव्य होली मिलन एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करना और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा राधा-कृष्ण के छवि पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस दौरान वातावरण भक्तिमय हो गया और लोगों ने ठाकुर जी के जयकारों से आश्रम को गुंजायमान कर दिया। जायंट्स ग्रुप हाथरस राधा गोविंद के अध्यक्ष मोहित अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्गों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है और त्योहारों पर उन्हें अकेलापन महसूस न होने देना, हम सभी का सामाजिक उत्तरदायित्व है। मुख्य अतिथि डॉ. आर.पी. गुप्ता ने कहा कि होली केवल रंगों का त्यौहार नहीं, बल्कि अपनों के साथ खुशियाँ बांटने का अवसर है। बुजुर्गों के बीच आकर ऐसा लगा मानो साक्षात ईश्वर का आशीर्वाद मिल गया हो।
होली के उल्लास के बीच स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा गया। हर्ष राघव सचिव जायंट्स ग्रुप ने कहा कि शिविर का उद्देश्य रंगों के साथ-साथ स्वास्थ्य की मुस्कान बिखेरना है।शिविर में डॉ. नवनीत अग्रवाल, डॉ. सचित अग्रवाल, डॉ. अतुल, डॉ. कुणाल वाष्र्णेय, सुमित कपूर डॉ. रीशा वाष्र्णेय व अन्य अनुभवी चिकित्सकों द्वारा वृद्धजनों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण (बीपी, दंत,शुगर आदि) चैक किया गया। जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। आंखों और मौसमी बीमारियों से बचाव के परामर्श दिए गए।
इस मौके पर विहिप और जायंट्स ग्रुप के सदस्यों ने आश्रम के वृद्धजनों के साथ फूलों की होली खेली और गुलाल लगाकर उनका आशीर्वाद लिया। संस्था द्वारा सभी बुजुर्गों को उपहार, फल और मिष्ठान वितरित किए गए। अपनों के बीच पाकर वृद्धों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने गीतों व भजनों के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी, जायंट्स ग्रुप राधा गोविन्द की अध्यक्ष एवं समस्त टीम, समाजसेवी और आश्रम का स्टाफ उपस्थित था। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अमित भार्गव जिला उपाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद कार्यक्रम संयोजक ने सभी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया गया। मंच का सफल संचालन जिला सहसंयोजिका दुर्गा वाहिनी प्रियांशी वाष्र्णेय ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भानु सक्सेना जिलाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद, गोपाल कृष्ण शर्मा जिला उपाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद, विद्याभूषण गर्ग जिला सेवा प्रमुख, अमरदीप सह मंत्री विश्व हिंदू परिषद, प्रवीण खंडेलवाल जिला मंत्री विश्व हिंदू परिषद, डॉ. विकास शर्मा, हर्ष राघव जॉयट्स क्लब हाथरस सचिव, नीरज शर्मा, मनोज अग्निहोत्री आदि का विशेष योगदान रहा। इस मौके पर पदम नारायण अग्रवाल, प्रदीप बागला, चेतन यादव, सीमा वाष्र्णेय, मधुर बिंदल, वाई.पी. सिंह, ऋषभ सिंह, शिवानी, भावना आदि मौजूद थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment