
सिकन्द्राराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव पोरा में एक युवक का शव बीती रात घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
बताया जाता है गांव पोरा निवासी सुनहरी लाल का 25 वर्षीय पुत्र सुमित सैलून का कार्य करता था। शुक्रवार की रात्रि को उसका शव घर में कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। युवक को फांसी के फंदे पर लटका देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन फानन में परिजनों ने युवक के शव को फांसी के फंदे से उतारा और चिकित्सक के पास ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन युवक के शव को घर वापस ले आए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के भाई मोहित ने बताया कि उसके भाई सुमित का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। सुमित की पत्नी पिछले कई माह से दिल्ली में रह रही थी।
मोहित ने यह भी बताया कि घटना से ठीक पहले सुमित के कुछ ससुरालीजन उससे मिलने को आए थे। घटना के बाद वे सभी वहां से गायब हो गए। मोहित ने आंशका जताई है कि उसके भाई सुमित की हत्या की गई है। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।









