होली खेलते समय स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट आने से 18 वर्षीय युवती की मौत, मचा कोहराम

होली की खुशियां बदली मातम में

सिकंदराराऊ । बुधवार की सुबह कस्बा के मोहल्ला दमदमा में होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गई,जब एक 18 वर्षीय युवती होली खेल रही थी । होली खेलने के दौरान घर के बाहर लगे नगर पालिका के स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट आ गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। युवती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई ।

बताया जाता है कि मोहल्ला दमदमा निवासी मुकेश शर्मा की 18 वर्षीय पुत्री भूमि शर्मा बुधवार की सुबह 10 बजे करीब अपनी सहेलियों एवं बच्चों के साथ घर के बाहर होली खेल रही थी । पानी में भीगने के बाद वह गली में लगे नगर पालिका की स्ट्रीट लाइट पोल की चपेट में आ गई । इस दौरान पोल में विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था । जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई । आनन फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । परिजन युवती के शव को वापस घर ले आए । युवती की मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया और मोहल्ले में मातम पसर गया । युवती की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। युवती की मौत से परिजनों में मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा ।

बताया जाता है कि उक्त पोल में काफी समय से करंट आ रहा था। जिसकी सूचना कई बार नगर पालिका कर्मियों एवं अधिकारियों को दी गई । बाबजूद इसके मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया । जिसके चलते हुए हादसा घटित हो गया। युवती इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रही थी ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment