चाचा के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर खेत जा रही थी बच्ची

सिकंदराराऊ । कोतवाली हसायन के गांव नगला अड़ू निवासी एक 8 वर्षीय बच्ची गुरुवार की दोपहर को ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने चाचा के साथ खेत पर जा रही थी । अचानक बच्ची ट्रैक्टर के टायर और मडगार्ड के बीच में फंस गई । जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया । पुलिस ने मौके में पहुंचकर मृतका बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि गांव नगला अड़ू निवासी सुरेश कुमार की 8 वर्षीय पुत्री दीक्षा गुरुवार की दोपहर 12 बजे करीब गांव के तीन बच्चों के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की ओर जा रही थी । ट्रैक्टर उसके चाचा चला रहे थे। वह ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बनी सीट पर बैठी हुई थी । इस दौरान वह असंतुलित होकर ट्रैक्टर के मडगार्ड और पिछली टायर के बीच में फंस गई ।
ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर को तत्काल रोका ,जब तक बच्ची की मौके पर मौत हो गई। मृतका बच्ची कक्षा तीन की छात्रा थी । घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई की बच्ची की मौत से परिजनों में हा हा कार मच गया । परिजन भी मौके में पहुंच गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बच्ची की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है और गांव में मातम पसर गया।









