चौपाल सागर हाईवे से जुड़ने वाली ग्राम जगीपुर की लिंक रोड को गंदे नाले पर पुल निर्माण के नाम पर काट दिया गया, लेकिन इसके बाद ठेकेदार और संबंधित विभाग की लापरवाही के काराण क्षेत्र के लगभग 30 गांवों की जनता भारी संकट में फंस गई है। बीते 15 दिनों से निर्माण कार्र न होने से आवागमन पूरी तरह बाधित है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार सिंचाई विभाग अलीगढ़ खंड के ठेकेदार द्वारा नाले का पानी डायवर्ट करने के लिए लिंक रोड काटी गई थी। उसके बाद न तो पुल निर्माण शुरू हुआ और न ही कोई वैकल्पिक मार्ग बनाया गया। नतीजतन स्कूली बच्चे, किसान, मरीज और व्यापारियों को कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना और व्यवस्था के सड़क काट देना घोर लापरवाही है। सड़क कटने के बाद न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए और न ही अस्थायी पुलिया बनाई गई। आए दिन दोपहिया वाहन फिसलने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इस संबंध में ठेकेदार अंकुर कुमार ने दूरभाष पर बताया कि कुछ तकनीकी परेशानियों के कारण कार्र रुक गया था, लेकिन दो दिन में काम दोबारा शुरू करा दिया जाएगा। हालांकि जनता सवाल उठा रही है कि यदि कार्य शुरू करने की तैयारी नहीं थी तो सड़क क्यों काटी गई। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए और तुरंत वैकल्पिक मार्ग या अस्थायी पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि जनता को इस परेशानी से राहत मिल सके।












