सादाबाद में चिकित्सक दंपति की कार पेड़ से टकराईःदोनों घायल

सादाबाद-7 फरवरी। कोतवाली क्षेत्र के आगरा-हाथरस मार्ग पर आज एक सड़क हादसे में हाथरस के चिकित्सक दंपति घायल हो गये। उनके आगरा से कार द्वारा लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चिकित्सक दंपति भी गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई और सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक हाथरस के कोतवाली सदर के सामने स्थित बंसल हॉस्पिटल के संचालक एवं गिल्लूमल मीजूमल कंपाउंड निवासी चिकित्सक दंपति सर्जन डॉ. अजय बंसल और उनकी पत्नी डा. अनीता बंसल आगरा में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपनी आई-10 कार से हाथरस लौट रहे थे।बताया जाता है जब उनकी कार कस्बा को पार कर हाथरस रोड पर पहुंची तभी सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपति को गंभीर चोटें आयी हैं।
घटना से भारी हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को कार से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और डॉ. अजय बंसल व डा.अनीता बंसल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि डा. अनीता बंसल की हालत गंभीर थी, लेकिन अब दोनों की हालत स्थिर है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment