
आगरा/ सहपऊ- 31 जनवरी। जनपद आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में आज एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा घटित हो जाने से भारी कोहराम मच गया है। तेज रफ्तार कंटेनर ने जगन्नाथ पुरी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे दो ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।यह हादसा नगला चंदन के पास जलेसर रोड पर सुबह करीब 11.30 बजे हुआ।। बताया जाता है उक्त परिवार 20 जनवरी को सहपऊ क्षेत्र के गांव धाधऊ से जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए निकला था। आज शनिवार सुबह वह जबलपुर से आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे। यहां से ऑटो में सवार होकर घर लौट रहे थे। नगला चंदन के पास एक ऑटो दूसरे को ओवरटेक कर रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार बॉडी बंद कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख पुकार मच गई।हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई।। बताया जाता है उक्त हादसे में जनपद के थाना सहपऊ क्षेत्र के धाधऊ गांव निवासी आठ लोगों जिनमें बिजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री, धनप्रसाद, विजय सिंह, उदयवीर सिंह और रामदत्त 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी दर्शन के लिए गए थे। दर्शन करने के बाद सभी आज सुबह जबलपुर होते हुए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। सभी ने अपने गांव के लिए 2 ऑटो बुक किए।एक ऑटो शहीद खान चला रहा था। दूसरे के चालक की पहचान होना बाकी है। रामदत्त दवा लेने के लिए रास्ते में उतर गए।नगला चंदन जलेसर रोड पर सामने से आ रहे ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। धनप्रसाद और विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। इनकी हालत गंभीर बनी हुई है। रणवीर रिटायर्ड दारोगा बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना पाकर एडिशनल पुलिस कमिश्नर रामबदन सिंह मौके पर पहुंच गये। उन्होंने बताया कि ओवरटेकिंग के दौरान कंटेनर से टक्कर हुई, जिससे दूसरा ऑटो भी चपेट में आ गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम हाउस भेजे गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि कंटेनर चालक शराब के नशे में था। लोगों ने उसे पकड़कर जमकर पिटाई की। पुलिस ने चालक का मेडिकल परीक्षण कराने की बात कही है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और जिले भर में मातम पसरा हुआ है।












