
हाथरस- 31 जनवरी। साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था ब्रज कला केंद्र के तत्वावधान में कार्यालय श्री राधा कृष्ण कृपा भवन आगरा रोड पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्य स्मृति, हिंदी के महान साहित्यकार व लेखक जयशंकर प्रसाद जी की जयंती एवं राष्ट्रकवि माखनलाल चतुर्वेदी जी की पुण्य स्मृति के अवसर पर श्रद्धा-नमन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम वरिष्ठ समाजसेवी राधाकृष्ण शर्मा की अध्यक्षता में तथा ब्रज कला केंद्र के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव आशु कवि अनिल बौहरे के कुशल संचालन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रज कला केंद्र ब्रांच के अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य द्वारा तीनों महान विभूतियों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।। इस अवसर पर उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और मानवता का शाश्वत संदेश है। जयशंकर प्रसाद ने साहित्य के माध्यम से भारतीय आत्मा को स्वर दिया। जबकि माखनलाल चतुर्वेदी ने अपनी लेखनी से राष्ट्रप्रेम और स्वाभिमान की अलख जगाई। ऐसी महान विभूतियाँ युगों तक समाज को दिशा देती रहेंगी।
कार्यक्रम में आशु कवि अनिल बौहरे एवं कवयित्री रूपम कुशवाहा ने काव्य पाठ करते हुए कहा कि जब-जब राष्ट्र और समाज दिशाहीन हुआ है, तब-तब साहित्य और विचार ने उसे नई राह दिखाई है। गांधी, प्रसाद और चतुर्वेदी केवल नाम नहीं, बल्कि मूल्य, चेतना और संघर्ष की जीवंत परंपरा हैं। उनके काव्य पाठ ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में पं.अविनाश चंद्र पचौरी, हरिशंकर वर्मा, जयशंकर पाराशर, गिरिराज सिंह गहलोत, कपिल नरूला, संतोष उपाध्याय, पीयूष अग्निहोत्री सहित अनेक साहित्यप्रेमी एवं नागरिक उपस्थित थे।अंत में सभी ने महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।












