
सिकन्द्राराऊ-29 जनवरी। क्षेत्र के नगला मसंद एवं तालिमपुर गांवों में ट्रॉमा सेंटर को पूर्ण रूप से संचालित कराने की मांग को लेकर चल रहे हस्ताक्षर अभियान के तहत आज जनसंपर्क किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अभियान में भाग लिया और अपने हक के लिए खुलकर बोलने की शुरुआत की।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. राकेश सिंह राना पूर्व विधान परिषद सदस्य ने कहा कि पूरे जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई हुई है। हालात यह हैं कि सिकन्द्राराऊ हो या जिला मुख्यालय हर जगह मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरा जनपद स्वास्थ्य के मामले में रेफर केंद्र बनकर रह गया है।
डॉ. राना ने आरोप लगाया कि सरकार और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण जनता को बेहतर इलाज के लिए बाहर भटकना पड़ रहा है। समय पर इलाज न मिलने से गरीब और जरूरतमंद परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ट्रॉमा सेंटर को पूरी क्षमता के साथ चालू नहीं किया जाता, तब तक यह हस्ताक्षर अभियान और जनआंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने भी एक स्वर में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और ट्रॉमा सेंटर को सुचारु रूप से चालू कराने की मांग उठाई।
इस मौके पर पप्पू लोधी, राजकुमार लोधी, राजेंद्र सिंह, लखन सिंह लोधी, प्रेमपाल सिंह लोधी, रोहतास कुमार लोधी, अमर सिंह लोधी, योगेंद्र कुमार, पदम सिंह राजपूत, जितेंद्र सिंह चैहान, रोहिताश सिंह चैहान, श्रीकृष्ण चैहान, सुरेंद्र सिंह लोधी, नरेंद्र सिंह लोधी, होडिल सिंह पूर्व प्रधान, रोहतास लोधी, लोकपाल सिंह लोधी, जयपाल सिंह, हजारीलाल लोधी, विजय प्रताप सिंह आदि मौजूद थे।












