बाजारों में चला अतिक्रमण हटाओ अभियानः अतिक्रमण किए ध्वस्तःनोंकझोंक


हाथरस-29 जनवरी। शहर में बढ़ते अतिक्रमणों के चलते रोजाना बनती जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए आज प्रशासन के नेतृत्व में नगर पालिका प्रशासन द्वारा भारी पुलिस बल के साथ जहां बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। वहीं पक्के अतिक्रमणों पर पीले पंजे ने जमकर प्रहार करते हुए उन्हें ध्वस्त कर दिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दुकानदारों से पालिका टीम की जहां नोकझोंक हुई। वहीं दुकानदारों द्वारा अभियान में भेदभाव का आरोप लगाते हुए आक्रोश व्यक्त किया। अतिक्रमण हटाओ अभियान से अतिक्रमणकारियों में भारी खलबली मच गई।


अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत आज शहर के घंटाघर बांस मंडी से शुरू होकर घंटाघर बाजार, नजिहाई बाजार, पत्थर वाला बाजार, नयागंज, सब्जी मंडी आदि बाजारो में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर पालिका के बुलडोजर ने कई कच्चे पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इसके अतिरिक्त कुछ अतिक्रमणकारियों से मौके पर ही जुर्माना भी वसूला गया। दुकानों के आगे लगे तिरपाल, होर्डिंग्स और अन्य सामान को नगर पालिका कर्मचारियों ने जब्त कर ट्रैक्टर में लाद दिया।
इस दौरान कुछ दुकानदारों और नगर पालिका कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। वहीं वरिष्ठ व्यापारी नेता कन्हैया वाष्र्णेय तेल वालों द्वारा भी अभियान को लेकर एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह से वार्ता की गई और दुकानदारों के लिए दुकान के आगे का स्थान निश्चित करने के लिए कहा गया। जिस पर उनके बीच सहमति बनी। वहीं व्यापारी नेता कन्हैया वाष्र्णेय ने बताया है कि एसडीएम सदर द्वारा दुकानदारों के लिए सहमति के तहत ढाई फीट तिरपाल ऊपर तथा डेढ़ फुट दुकान के आगे तख्त रखने पर सहमति बनी है।
अतिक्रमण हटाओ अभियान को देखते हुए कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और वहां से चले गए, जबकि कुछ अन्य दुकानदारों ने स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटा लिए। नगर पालिका प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह, नजूल इंस्पेक्टर यशुराज शर्मा, अमित कुमार, दिनेश गुप्ता, गौरव दीक्षित, सोनू शर्मा, उमेश चंचल, मुजाहिद हुसैन आदि पालिका कर्मियों के अलावा व अन्य तमाम कर्मचारी तथा भारी पुलिस बल मौजूद था।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment