रावण दहन स्थल पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मिले गैर हाजिर:डीएम ने जताई कड़ी नाराजगी
सिकंदराराऊ। नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार को विजयी दशमी पर्व पर कस्बा के नगर पालिका परिषद के क्रीड़ा स्थल पर पहुंचकर रावण दहन एवं आगामी एमएलसी व स्नातक निर्वाचन की तैयारियों का निरीक्षण कर जायजा लिया और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि भीड़ बढ़ने पर भारी वाहनों को बाईपास मार्ग से निकाला जाएगा।

वहीं जरूरत पड़ने पर विद्युत आपूर्ति बंद करने की व्यवस्था भी की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर एंबुलेंस, अग्निशमन विभाग, यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस और मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी । इस दौरान रावण दहन की व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संदीप सक्सेना गैर हाजिर मिले। एसडीएम धर्मेंद्र सिंह चौहान ने उनके स्वास्थ्य कारणों से अवकाश पर होने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने फोन कर अनुपस्थिति का कारण पूछा और अवकाश को मंजूर करने वाले अधिकारी की जानकारी मांगी।
जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई । इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्बा के मोहल्ला गौसगंज स्थित गौरी शंकर हिंदू इंटर कॉलेज में बनाए गए एमएलसी एवं स्नातक निर्वाचन के मतदान केंद्र का निरीक्षण कर आगामी चुनावों की तैयारियों का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दशहरा पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इस मौके पर एसडीएम धर्मेंद्र सिंह चौहान,क्षेत्राधिकारी अमित पाठक , कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा मौजूद रहे।












