
सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र गांव बाण अब्दुलहईपुर मार्ग के निकट शुक्रवार की दोपहर को अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक 76 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई ,जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन पहुंचाया । जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया । पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि जनपद हमीरपुर के गांव मसकरा 76 वर्षीय जसपाल सिंह उर्फ जसवीर सिंह को शुक्रवार की दोपहर 1:30 बजे करीब ठाकुरदास उम्र 49 वर्ष निवासी गांव पवई जरईया जिला हमीरपुर एवं एक अन्य के साथ बाइक पर सवार होकर हसायन क्षेत्र के गांव बाण अब्दुलहईपुर में एक ग्रामीण से दौरा की बीमारी की दवा लेने आए थे। गांव के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस तीनों व्यक्तियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने जसपाल सिंह उर्फ जसवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया । पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।












