गांव जरैया के प्राथमिक विद्यालय जरिया सासनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर एक 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और महिलाओं को आयुर्वेदिक पोषण और उसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रभारी डॉ. बी.पी. सुशील ने बताया कि हमारी रसोई में मौजूद मसाले और आयुर्वेदिक आहार न केवल शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि बच्चों और महिलाओं में कुपोषण की समस्या को दूर करने में भी बेहद कारगर हैं। उन्होंने कहा कि सही खान-पान और ऋतु के अनुसार आहार लेने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। डॉ. सुशील ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और गर्भवती व धात्री महिलाओं को बच्चों के दैनिक आहार में मौसमी फल, हरी सब्जियां और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों को शामिल करने के व्यावहारिक तरीके बताए। अंत में उपस्थित महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।











