हाथरस। ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव का भव्य उद्घाटन जहां कल 17 सितंबर को होगा। वही मेला में संचालित होने वाले विभिन्न समाजों व संगठनों के शिविरों का भी शुभारंभ होना शुरू हो जाएगा और इसी क्रम में श्री अग्रवाल सभा द्वारा संचालित अग्रवाल शिविर का भव्य शुभारंभ भी कल 17 सितंबर को सांय 7 बजे से आयोजित होगा।
उक्त संबंध में जानकारी देते हुए अग्रवाल शिविर के संयोजकगण गौरव अग्रवाल बॉबी,अमित अग्रवाल हींग वाले, आयुष अग्रवाल, मुकुंद सेकसरिया ज्वेलर्स, अंशुल लोहिया, गोविंद शरण अग्रवाल ने बताया है कि श्री अग्रवाल सभा द्वारा मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव में संचालित होने वाले अग्रवाल शिविर का भव्य शुभारंभ कल 17 सितंबर को शाम 7 बजे विधिवत तरीके से आयोजित होगा और शिविर के उद्घाटन अवसर पर समाज की प्रमुख व प्रबुद्ध हस्तियों का स्वागत सम्मान भी किया जाएगा। उन्होंने समस्त अग्र बंधुओ से उद्घाटन समारोह में भारी संख्या में पहुंचकर उत्साहवर्धन करने का अनुरोध किया है।












