हाथरस। कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव खेड़ा परसौली से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई युवती को पुलिस ने आज सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही और सफलता से परिजनों व ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस के मुताबिक गत 8 सितंबर को एक युवती अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर से गायब हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो युवती के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 10 सितंबर को एक युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की थी।युवती का सुराग न लगने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने 13 सितंबर को कोतवाली चंदपा पर प्रदर्शन कर विरोध जताया था और जल्द बरामदगी की मांग की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया।
सीओ सादाबाद योगेंद्र कृष्ण नारायण ने जानकारी देते हुए बताया कि युवती की तलाश के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई थीं। सर्विलांस टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला और कड़े प्रयासों के बाद आज पुलिस ने युवती को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया और मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।












