हाथरस।उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति के जिला कार्यालय पर वीसीए एंव पीसीए दिवस बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति द्वारा उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति के जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र कुमार वार्ष्णेय , जिला महामंत्री अंकुर कुमार, जिला सचिव प्रमोद कुमार, जिला सह संरक्षक आत्मदेव शर्मा सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य आदि उपस्थित थे।कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं को उनके उपभोक्ता अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उपभोक्ताओं को वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीदारी करते समय सावधानी बरतने, बिल एवं रसीद प्राप्त करने तथा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी अथवा अनुचित व्यापारिक व्यवहार होने पर नियमानुसार शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि आज के समय में प्रत्येक उपभोक्ता का अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। जागरूक उपभोक्ता न केवल स्वयं को ठगी एवं शोषण से बचा सकता है, बल्कि अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकता है।वहीं जिला महामंत्री अंकुर कुमार ने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही सशक्त उपभोक्ता है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की भी जानकारी होनी चाहिए। उपभोक्ता जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समिति निरंतर प्रयास करती रहेगी।कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा समाज को अधिक जागरूक एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया।












