हाथरस।माध्यमिक विद्यालयी खेल पंचांग के अनुसार 10, 11 तथा 12 सितंबर को क्रमागत रूप से जिले व मंडल से चयनित श्री रामचंद्र अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज की 18 छात्राओं ने महर्षि दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज पिलोना मेरठ में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय राइफल /पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में टीम मैनेजर (प्रधानाचार्य )डॉ.नीतू यादव, टीम कोच मनोज कुमार यादव, श्रीमती साधना यादव तथा सुश्री अनु चौधरी के मार्ग निर्देशन में प्रतिभाग किया।। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा पाखी कुशवाहा ने कांस्य पदक जीता। उपरोक्त छात्रा आगामी भविष्य में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया द्वारा इंदौर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की राइफल/ पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। छात्रा की उक्त सफलता का संपूर्ण विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव व उनके कोच मनोज कुमार यादव को है। छात्रा की उपरोक्त सफलता के लिए विद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश गोयल एवं प्रबंधक गोविंद कुमार ने छात्रा को बधाई दी है।गत वर्ष भी विद्यालय की एक छात्रा का नेशनल लेवल के लिए चयन हुआ था।

प्रतिभागी छात्राओं में पाखी कुशवाहा, लवली शर्मा,वंशिका , प्रियांशी चौहान, वंशिका शर्मा, दिव्या गौतम, प्रियांशी वर्मा,नंदिनी जैन, कनिका कश्यप, कृषा चौहान ,व्याख्या वशिष्ठ,गौरी चौधरी , काशिश चौहान, मोनिका वार्ष्णेय, रितिका वार्ष्णेय,मानवी गौतम, अनुष्का वर्मा, चिंकी वार्ष्णेय शामिल थीं।
उक्त सफलता पर प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव का कहना है कि आयोग से चयन के उपरांत जब मेरी नियुक्ति इस विद्यालय में हुई, तो मुझे ज्ञात हुआ कि विद्यालय में कोई भी खेल प्रशिक्षक नहीं है और शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय होने के बावजूद हमारी छात्राएं किसी भी खेल में प्रतिभाग नहीं करती हैं।तब मैंने विद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठक की और उनसे आग्रह किया कि वे जिस भी खेल में रुचि या ज्ञान रखते हैं, उसे छात्राओं के साथ साझा कर उन्हें खेलों के लिए तैयार करें। अलग-अलग शिक्षकों ने अलग-अलग खेलों का चयन किया, जिसमें विद्यालय के शिक्षक मनोज कुमार यादव ने राइफल/पिस्टल शूटिंग के प्रशिक्षण की इच्छा व्यक्त की। परंतु संसाधन और धन का अभाव एक बड़ी चुनौती था।
उन्होंने कहा है कि प्रबंध समिति ने तत्परता से समस्त संसाधन एवं धन उपलब्ध कराया। जिसके लिए विद्यालय परिवार एवं समस्त छात्राएं सदैव उनकी आभारी रहेंगी।विद्यालय के शिक्षक मनोज कुमार यादव ने स्वयं के प्रयासों से एवं विद्यालय के कर्मचारियों के सहयोग से, मितव्ययिता के साथ संसाधनों का सदुपयोग करते हुए विद्यालय में 10 मीटर तथा 6 रिले वाली शूटिंग रेंज का निर्माण किया। यह शूटिंग रेंज न केवल हाथरस की, अपितु उत्तर प्रदेश के माध्यमिक सहायता प्राप्त कन्या विद्यालयों की प्रथम शूटिंग रेंज है।
मनोज कुमार यादव द्वारा छात्राओं को शूटिंग का प्रशिक्षण दिया गया, जिसके फलस्वरूप लगातार दूसरे वर्ष हमारे विद्यालय की छात्रा का नेशनल लेवल राइफल/पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है, जो केवल विद्यालय के लिए ही नहीं, बल्कि जिले एवं मंडल के लिए भी गौरव का विषय है।












