हाथरस। प्रदेश भर के प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत लगभग 1लाख 47 हजार शिक्षामित्रों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर आदर्श समायोजित शिक्षक/शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिक्षामित्रों द्वारा ज्ञापन सौंपा गया है और समस्याओं के निराकरण की मांग की गई है।
आदर्श समायोजित शिक्षक/शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान वित्तीय वर्ष से शिक्षामित्रों को प्रतिमाह 18000 रुपए की दर से मानदेय भुगतान प्राप्त होने लगा है और कैशलेस चिकित्सा की सुविधा भी प्राप्त हुई है, इसके लिए सभी शिक्षामित्र मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। शिक्षा मित्रों ने कहा है कि बेसिक शिक्षा में शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता को देखते हुए प्रदेश की लोकप्रिय सरकार द्वारा सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष टैट परीक्षा का आयोजन आगामी नवंबर माह में किया जा रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि शिक्षामित्र भी लगभग 25 वर्षों से विभाग में निष्ठा पूर्वक शिक्षण कार्य कर रहे हैं और उन्हें भी इस विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा में आवेदन करने का अवसर दिया जाए।
शिक्षामित्रों ने कहा है कि उक्त के साथ ही शिक्षामित्रों की सेवा स्थाई हो, इस हेतु सेवा नियमावली बनाये जाने तथा सेवाकाल 62 वर्ष किए जाने एवं लंबित स्थानांतरण प्रक्रिया (मूल विद्यालय वापसी), अंर्तजनपद एवं अंतर्जनपदीय (महिलाओं को उनके ससुराल वाले जनपद) को शीघ्र पूर्ण किए जाने हेतु तथा चिकित्सकीय अवकाश अनुमन्य किए जाने हेतु आदेश दिए जाएं।। ज्ञापन देने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष एवं मांडलिक मंत्री बृजेश वशिष्ठ, हिमांशु सेंगर, शैलेंद्र प्रताप सिंह, नरेंद्र कुमार गौतम, हरिमोहन पाठक, गौरीशंकर, राजकमल शर्मा, निरंजन सिंह, प्रमोद सेंगर, अंजलि तिवारी, मुकेश सेंगर, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, विनय कुमार सिंह, राजपाल सिंह, मुकेश उपाध्याय, दक्ष कुमार, मीना देवी, राज़ुद्दीन, नरेंद्र कुमार ,त्रिवेंद्र कुमार, गंगाशरण, रानी शर्मा, पूनम शर्मा, अंजली शर्मा, गीता, योगेश कुमारी, सावित्री यादव, रामेश्वर, जितेंद्र सिंह मदनावत आदि तमाम शिक्षामित्र शामिल थे।












