दाऊजी महाराज के ऐतिहासिक मेला में बढ़ती अश्लीलता पर रोक लगाने की मांग

हाथरस। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा आज अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दाऊजी महाराज के ऐतिहासिक मेले में बढ़ती अश्लीलता पर रोक लगाने की मांग की गई है।

अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बताया कि दाऊजी महाराज का ऐतिहासिक मेला लगभग 115 वर्षों से श्रद्धा, संस्कृति एवं परंपरा का प्रतीक बनकर आयोजित होता आ रहा है। पिछले लगभग 15 वर्षों से मेले में कुछ कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के माध्यम से अश्लीलता को बढ़ावा दिए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे मेले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा प्रभावित हो रही है।ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि मेले की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक मर्यादा को बनाए रखने के लिए अश्लील कार्यक्रमों एवं आपत्तिजनक गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। साथ ही मेले में परिवार एवं बच्चों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए।।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से इस विषय पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उचित कार्यवाही करने की मांग की है।कार्यकर्ताओं ने कहा कि दाऊजी महाराज का मेला हमारी आस्था और गौरव की पहचान है। इसकी वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।


ज्ञापन देने वालों में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष राहुल उपाध्याय, जिला महामंत्री आशुतोष अग्रवाल, महेश कौशिक, वीरेंद्र सिंह राणा, नवीन सिंह राणा आदि शामिल थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment